भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने मंडला प्रवास के दौरान अनेक सौगातें देते हुए ग्वारा में हवाई पट्टी विकसित करने के लिए 6 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मंडला से भी शीघ्र ही पीएमश्री वायुसेवा प्रारंभ की जाएगी। साथ ही बम्हनी के महाविद्यालय में पीजी कोर्सेस प्रारंभ किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बम्हनी को उप तहसील से तहसील का दर्जा देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि गेहूं की तरह अब धान की खरीदी पर भी बोनस दिया जायेगा। साथ ही दुग्ध उत्पादक किसानों को भी बोनस राशि दी जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मंडला जिले के बम्हनी में रक्षाबंधन सह श्रावण उत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंद्र देव के आशीर्वाद के बीच बम्हनी की बहनों का स्नेह और प्यार अद्भुत है। यहां पर हर घर से राखी बंधकर आयी है। यह बहनों का प्यार बड़ा ही स्मरणीय हो गया है। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त को बहनों के खातों में राशि प्रदान की गई है। बात सिर्फ रुपये पैसों की नहीं है, बल्कि बहनों की सुविधाओं की है। बहनें योजना से मिली इस राशि से राखी के अलावा कई सामग्री खरीदती है। परिवार में जब भी रुपये आते है बहनें रुपयों का सदैव सद्उपयोग करना जानती है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। श्रावण मास त्यौहारों की श्रृंखला का पर्व है। उन्होंने कहा कि वे पहले सिर्फ एक विधानसभा की बहनों के साथ राखी पर्व मनाते रहे हैं, अब से पूरा प्रदेश उनका ही परिवार हो गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश रानी दुर्गावती का 500वाँ जन्मदिन मना रहा है। मंडला की धरती पर ऐसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुए हैं जिन्होंने हमेशा इस भूमि की रक्षा की है। यहां की भूमि पर रानी दुर्गावती और अवंती बाई ने मुगलों, पठानों और सुल्तानों से लड़ाईयाँ लड़ी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शंकरशाह व रघुनाथ शाह जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। इस अभियान में सभी नागरिक अपने-अपने घरों पर तिरंगा जरूर फहराए। जो चन्द्रशेखर आज़ाद, भगत सिंह, मंगल पांडे, शंकरशाह, रघुनाथ शाह, रानी दुर्गावती सहित अनेक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को आपकी ओर से श्रृद्धांजलि होगी।