Type Here to Get Search Results !

बुंदेलखंड अंचल में बढ़ेगी समृद्धि - मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आगामी 27 सितम्बर को सागर में हो रही रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव और दुनिया की सबसे बड़ी नदी जोड़ो “केन-बेतवा’’ लिंक परियोजना बुंदेलखंड को समृद्ध बनाने का कार्य करेगी। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव किसी एक जिले या संभाग में ही प्रगति का माध्यम नहीं बल्कि निकटवर्ती अंचल को सम्पन्न और समृद्ध बनाने का विशेष उपक्रम है। इससे क्षेत्र विकास के विविध आयाम हासिल करेगा। बुंदेलखंड की वीरता और शौर्य से पहचान बनी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज जनजातीय संग्रहालय में अंतर्राष्ट्रीय बुंदेली समागम - 2024 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुंदेलखंड अंचल की विभिन्न प्रतिभाओं का सम्मान भी किया। कार्यक्रम में अभिनेता श्री मुकेश तिवारी ने बॉलीवुड संवाद, श्री सुमित ओरछा ने बुंदेली महिमा संवाद और बुंदेलखंड के आंचलिक लोक गायक श्री चंद्रभान वासुदेव ने गायन प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री चंद्रभान वासुदेव को बुंदेली गीत की शानदार प्रस्तुति के लिए 31 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और बुंदेलखंड एवं महाकौशल अंचल में शौर्य की प्रतीक वीरांगना रानी दुर्गावती ने अनेक युद्ध लड़े और जीते। सीमित संसाधनों में उन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। राष्ट्र के लिये वे अपने प्राणों का बलिदान देकर अमर हो गईं। महाराजा छत्रसाल सहित बुंदेलखंड के अन्य योद्धा भी हर युग में पराक्रम के अनूठे उदाहरण प्रस्तुत करते रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की गौरवशाली विरासत है। बुंदेली भाषा की मिठास और सांस्कृतिक परम्पराओं की सुरभि देश-विदेश को महका रही है। मध्यप्रदेश सरकार बुंदेलखंड अंचल के विकास और मान-सम्मान को बढ़ाने के लिए प्रत्येक आवश्यक कदम उठाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.