Type Here to Get Search Results !

मंडला में आयुर्वेद कॉलेज और एक्सीलेंस कॉलेज शुरू होंगे - मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मंडला अंचल के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जनजातीय बहुल मंडला में आय़ुर्वेद महाविद्यालय प्रारंभ किया जाएगा। एलोपैथी चिकित्सा पद्धति वाले मेडिकल कॉलेज के साथ ही जिले को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति का भी लाभ मिले। कोविड के समय आयुर्वेद का महत्व देखने को मिला था, तब आयुर्वेद के काढ़े ने नागरिकों को महामारी से बचाने का काम किया था। जल्द ही मंडला में एक्सीलेंस कॉलेज भी प्रारंभ किया जाएगा। इसकी शीघ्र शुरूआत होगी और आगामी सत्र से विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मंडला के रानी दुर्गावती महाविद्यालय परिसर में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश की 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों को कुल 1576 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि का अंतरण कर रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ ले रहे 56 लाख 61 हजार हितग्राहियों के खातों में 340 करोड़ रुपये की राशि का भी सिंगल क्लिक से अंतरण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 134 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 12 पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों को भी प्रतीक स्वरूप लाभान्वित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह भूमि वीरांगनाओं की भूमि है। रानी दुर्गावती ने अपने बलिदान से भारत का मान और सम्मान बढ़ाया। इसी तरह राष्ट्र के लिए जीवन का यहां रानी अवंती बाई ने भी बलिदान किया। नई शिक्षा नीति के माध्यम से ऐसी वीरांगनाओं के बलिदान से स्कूल, कॉलेजों के विद्यार्थियों को अवगत करवाने की पहल की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीरांगनाओं के पराक्रम की जानकारी नई पीढ़ी के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। आज रानी दुर्गावती की प्रतिमा का अनावरण यहां हुआ है। इसके पहले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 5 अक्टूबर 2023 को रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती पर उनके जीवन के विविध पहलुओं से परिचित करवाने वाले विशेष स्मारक के लिए जबलपुर में भूमिपूजन किया था। अब जन-जन को यह स्मारक रानी दुर्गावती के बलिदान के महत्व की जानकारी देने का महत्वपूर्ण केन्द्र बनेगा। इसकी लागत 100 करोड़ रूपए है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.