भारतीय किसान संघ का सदस्यता अभियान 15 दिसंबर से 15 जनवरी तक
भोपाल। किसानों की समस्याओं को जानने और समाधान के लिए सही प्लेटफार्म पर उठाकर समाधान करवाने के लिए भारतीय किसान संघ ने रणनीति बनाई है। इसके साथ ही 15 दिसंबर से संघ का सदस्यता अभियान शुरु हो जाएगा, जोकि 15 जनवरी तक रहेगा। पहली बार किसान संघ की सदस्यता वकीलों, पत्रकारों, डॉक्टरों, रिटायर अधिकारियों कर्मचारियों को दिलाई जाएगी।
दरअसल भारतीय किसान संघ मध्यभारत प्रान्त की बैठक सोमवार को भोपाल में हुई। इसमें मध्यभारत प्रान्त के सभी जिले के अध्यक्ष, मंत्री, तहसीलों के अध्यक्ष, मंत्री, प्रान्त प्रदेश के प्रमुख कार्यकर्ता और पदाधिकारी सम्मिलित हुए। बैठक में संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी अध्यक्ष रामभरोसे बसोतिया, क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी, मनीष शर्मा प्रांत संगठन मंत्री ने कार्यकर्ताओं को रणनीति समझाई। साथ ही 15 दिसंबर से 15 जनवरी तक चलने वाले सदस्यता अभियान की तैयारी शुरु करते हुए दायित्व बताए गए। साथ ही कार्यकर्ताओं को जिले के लक्ष्य प्रदान कर सदस्यता के पत्रक एवं रसीद कट्टे वितरित किये गए। भारतीय किसान संघ मध्यभारत प्रान्त ने इस बार पूरे प्रदेश में 15 लाख कार्यकर्ता एवं 60 लाख परिवार सदस्यों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है, साथ ही प्रदेश के सभी ग्रामो तक कार्यकर्ता पहुंचेंगे। इस बार सदस्यता अभियान में समाज के सभी वर्गों पत्रकार, सेवानिवृत्त अधिकारी कर्मचारी, वकील, डॉक्टर, व्यवसाय आदि क्षेत्रों को भी किसान संघ की सदस्यता ग्रहण कराने की तैयारी की गई है।