Type Here to Get Search Results !

रहमतों का रुख भोपाल की तरफ, 4 दिनी मजहबी समागम आज से

जुमा की नमाज में जुटेंगी सैंकड़ों जमातें, रोजाना होंगी तकरीरें


भोपाल। दुनियाभर में अपनी खास पहचान रखने वाला आलमी तबलीगी इज्तिमा शुक्रवार सुबह से शुरू होगा। चार दिन चलने वाले इस मजहबी समागम का समापन सोमवार को होने वाली दुआ ए खास के साथ होगा। इन चार दिनों में दिल्ली मरकज समेत देश के अलग अलग हिस्सों से आए उलेमाओं की तकरीरें होंगी। इज्तिमा के दौरान सादगी के साथ सैंकड़ों निकाह भी होंगे। इस समागम के समापन पर बड़ी तादाद में जमाते देश दुनिया के सफर पर रवाना होंगी।

ईंटखेड़ी स्थित इज्तिमागा पर तैयारियों का दौर लंबे समय से चल रही थी। स्थानीय वैलेंटियर और विभिन्न सरकारी एजेंसियों ने लगातार प्रयास से इज्तिमागाह को तैयार कर दिया है। गुरुवार दिन से ही जमातों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका था, जो देर रात तक जारी रहा। शुक्रवार सुबह फजिर की नमाज़ के बाद शुरू होने वाले तकरीर और बयान के दौर में शामिल होने के लिए अल सुबह भी लोग इज्तिमागाह पहुंचेंगे।

पंडाल, 5 लाख के ठहरने का इंतजाम

इज्तिमागाह पर पिछले सालों के मुकाबले इस साल बढ़ी हुई तादाद में जमाते पहुंचने की उम्मीद है। जिसके चलते यहां करीब 125 पंडाल में 5 लाख से ज्यादा जमातियों के ठहरने के इंतजाम किए गए हैं। जरूरत के लिहाज से यहां और पंडाल लगाए जाने की पूर्व तैयारी भी रखी गई है।

80 फूड जोन, 60 पार्किंग

दुनिया भर से आने वाली जमातों के खानपान के इंतजाम में यहां करीब 80 फूड जोन बनाए गए हैं। जिनमें रियायती दरों पर चाय, नाश्ता, खाना और पीने का पानी उपलब्ध रहेगा। नो लॉस नो प्रॉफिट की धारणा के साथ इज्तिमागाह पर 60 रुपए में भरपेट खाना, 20 रुपए में नाश्ता और 5 रुपए में चाय उपलब्ध होगी। इसी तरह पानी की बॉटल यहां 70 रुपए में 12 का पैक और एक बॉटल 7 रुपए में मिलेगी। इधर इज्तिमा शिरकत के लिए आने वालों के वाहन व्यवस्थित रखने के लिए करीब 60 पार्किंग जोन बनाए गए हैं। करीब 250 एकड़ में बने इन पार्किंग में बड़े वाहन, चार पहिया और दो पहिया वाहन अलग अलग खड़े किए जा सकेंगे। 

वुजू खाने पर मुफ्त चाय और अंडा

इज्तिमागाह पर जमातियों के वुजु के लिए करीब 16000 नल लगाए गए हैं। करीब एक करोड़ लीटर पानी पानी प्रतिदिन नहाने, न्यूज और टॉयलेट के लिए मुहैया कराया जाएगा। 9 अलग अलग जोन में बनाए गए वूजू खानों पर खास व्यवस्था ये भी है कि यहां रात को ईशा की नमाज से सुबह फजिर तक लोगों को मुफ्त में चाय और अंडा उपलब्ध कराया जाएगा। ये व्यवस्था किसी स्वयंसेवक ने स्वैच्छिक तौर पर मुहैया कराई है। 

गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल

इज्तिमा इंतजामों में ईंटखेड़ी क्षेत्र के स्थानीय लोगों का बड़ा योगदान रहता है। इनमें बड़ी तादाद में हिंदू धर्म से जुड़े लोग भी शामिल हैं। पानी के इंतजाम के लिए यहां तैनात किए गए करीब 52 ट्यूबवेल में से करीब दर्जन भर हिंदू समुदाय के लोगों के हैं। इनमें राम सिंह और माली समाज के कुछ स्थानीय कृषक शामिल हैं। इसके अलावा अलग अलग सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी सनातन धर्म से जुड़े लोग हैं। जो इज्तिमा व्यवस्थाओं को सरकारी सेवा के साथ अतिरिक्त पुण्य के तौर पर अंजाम दे रहे हैं।

ये हैं इंतजाम...

इज्तिमा आयोजन के 77 बरस में पहली बार सामूहिक निकाह आयोजन के पहले दिन होंगे। इस बार करीब 350 से ज्यादा निकाह रजिस्ट्रेशन हुए हैं।

पानी के लिए...20 किमी लंबी पाइप लाइन, 52 ट्यूबवेल, 22500 टोटियां, एक करोड़ लीटर पानी प्रतिदिन

नहाने और वूजू के लिए गर्म पानी, 2000 लीटर पानी की 8 टंकियों में गर्म होता रहेगा पानी

दोगुना वोलेंटियर, रखेंगे सफाई का ख्याल, पंडाल में डस्ट बीन

सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से इज्तिमागाह को रखा जाएगा बदबू रहित

इज्तिमा प्रबंधन से जुड़े जावेद मियां कंजे, मौलवी मिस्बाह उद्दीन, हकीम साहब, मुन्ने मियां किए जा रहे हैं याद

इज्तिमागाह पहुंच मार्ग पर वोलेंटियर संभालेंगे यातायात व्यवस्था, पुलिस की रहेगी निगरानी

बाहर से आईं जमातों का गुरुवार सुबह से ही पहुंचने का सिलसिला शुरू, देर तक चलता रहा दौर, कई पहुंचेंगे शुक्रवार सुबह

इज्तिमा शिरकत और इस्तकबाल के लिए शहर भर में होर्डिंग पोस्टर, नए विधायकों और उनके समर्थकों के चेहरे भी नजर आ रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.