Type Here to Get Search Results !

उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता और उचित वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए : मुख्यमंत्री चौहान

मुख्यमंत्री ने की खरीफ उर्वरक व्यवस्था और रबी बोवनी की समीक्षा 

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले दो-तीन दिन में प्रदेश में वर्षा की संभावना है, इसके बाद उर्वरक की मांग बढ़ेगी। अतः सभी केंद्रो पर उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता और उचित वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उर्वरकों के आंतरिक वितरण पर निगरानी की व्यवस्था सजग और सुचारू रूप से जारी रहे। मुख्यमंत्री श्री चौहान मंत्रालय में खरीफ उर्वरक व्यवस्था और रबी बोवनी की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।

बैठक में जानकारी दी गई की अब तक रबी फसल की 81 लाख 71 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बोवनी हो चुकी है, जो गत वर्ष से 5.33 प्रतिशत अधिक है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी की संभागवार उपलब्धता, विक्रय तथा शेष स्टॉक की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

बताया गया कि उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रदेश में विपणन संघ के 422 विक्रय केंद्र संचालित हैं, विपणन सहकारी समितियों के 154  विक्रय केंद्रों से नगद उर्वरक विक्रय आरंभ किया गया है। विपणन सहकारी समितियों द्वारा 92 अतिरिक्त  विक्रय केंद्र आरंभ किए गए हैं और किसानों को लंबी-लंबी लाईनों से बचाने के लिए उर्वरक वितरण टोकन के माध्यम से करने की व्यवस्था की जा रही है। अपर मुख्य सचिव श्री राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव श्री संजय दुबे, श्री उमाकांत उमराव तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.