Type Here to Get Search Results !

मप्र में तेज हुआ चुनाव प्रचार, शाह छिंदवाड़ा और प्रियंका दमोह में करेंगी संबोधित

भाजपा ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची की जारी…शिवराज और कमलनाथ ने किया एक दूसरे पर वार…

आज से मप्र में स्टार वार

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जबलपुर संभाग की बैठक के बाद छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव जनसभा को करेंगे संबोधित

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी दमोह में करेंगी प्रत्याशियों के समर्थन में आमसभा को संबोधित

भोपाल/नई दिल्ली। मप्र में अब विधानसभा चुनाव का प्रचार जोर पकडऩे लगा है। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित लगभग सभी दिग्गज नेता मैदानी मोर्चे पर सक्रिय हो गए हैं। वही कांग्रेस की ओर से पीसीसी चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। उधर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा के लिए तो प्रियंका गांधी कांग्रेस के लिए शनिवार से मप्र में चुनावी प्रचार का आगाज करने जा रही हैं। शाह तीन दिनों के दौरान प्रदेश के सभी 10 संभागों का दौरा कर 230 विधानसभा सीटों पर चुनावी रणनीति का फीडबैक लेंगे और कार्यकर्ताओं को चुावी मंत्र देंगे।

शाह डालेंगे 3 दिन डेरा

मप्र में चुनावी बिगुल बजने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एक बार फिर मिशन मोड में नजर आएंगे। मप्र फतह के लिए शाह प्रदेश में तीन दिन डेरा डालेंगे और प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों का फीडबैक लेंगे। गौरतलब है की मप्र फतह की कमान अघोषित तौर पर शाह के हाथ में है। उन्हीं की रणनीति पर प्रदेश में भाजपा चुनाव लड़ रही है। इसलिए शाह चुनाव की घोषणा के बाद पहली बार मप्र आ रहे हैं। वे 28-29 और 30 अक्टूबर तीन दिन यहां रहेंगे। 3 दिन में प्रदेश के 10 संभागों का दौरा कर सभी 230 विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। अमित शाह उज्जैन में महाकाल के दर्शन और फिर रोड शो करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह सबसे पहले जबलपुर में जबलपुर संभाग की बैठक करेंगे, इसमें 38 विधानसभाएं आती हैं। फिर छिंदवाड़ा जिले की जुन्नारदेव विधानसभा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। भोपाल पहुंचने के बाद भोपाल और नर्मदापुरम संभाग की बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इन दोनों संभाग को मिला कर 36 विधानसभा आती हैं। 29 अक्टूबर को गृहमंत्री अमित शाह खजुराहो में सागर संभाग की बैठक करेंगे। इसमें 26 विधानसभा क्षेत्र से आए पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। रीवा और शहडोल संभाग की बैठक लेंगे। इसमें कुल 30 विधानसभा सीटें आती है। उज्जैन में महाकाल के दर्शन और रोड शो में शामिल होंगे। रात में 29- विधान सभा क्षेत्र वाले उज्जैन संभाग की बैठक करेंगे। 30 अक्टूबर की सुबह इंदौर संभाग की बैठक लेंगे, इसमें 37 विधानसभा सीट के कार्यकर्ता होंगे। ग्वालियर पहुंच कर ग्वालियर और चंबल संभाग की बैठक करेंगे। इसमें कुल 34 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। ग्वालियर के स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं से मिलेंगे।

बुंदेलखंड में चुनावी हुंकार भरेंगी प्रियंका

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार को एक बार फिर मप्र में चुनावी दौरे पर आ रही है। प्रियंका गांधी दमोह में कांग्रेस के चारों विधानसभाओं के प्रत्याशियों के समर्थन में आमसभा को संबोधित करेंगी। विधानसभा चुनाव के दौरान प्रियंका गांधी का यह पहला बुंदेलखंड का दौरा है। बुंदेलखंड मप्र का सबसे पिछड़ा इलाका माना जाता है। बेरोजगारी, कुपोषण, अशिक्षा, पलायन जैसी समस्याएं बुंदेलखंड में प्रदेश के बाकी इलाकों से ज्यादा है। बुंदेलखंड में दिखावे के लिए हर बार चुनाव तो इन्हीं मुद्दों पर लड़ा जाता है लेकिन मतदान के ठीक पहले जाति वाला मामला हावी होने लगता है। कहते है कि बुंदेलखंड में दल से ज्यादा जातियों का जोर रहता है। जातियों में बंटे वोटर अपने-अपने जाति-समाज के कैंडिडेट के साथ खड़े नजर आते है। कमोबेश नवम्बर 2023 के चुनाव में भी यही सीन रह सकता है। जातीय समीकरणों के चलते इस इलाके में बीजेपी और कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी और बसपा भी अपनी ताकत दिखा रही है। 2018 के विधानसभा चुनाव में यहां बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया था।

मोदी, शाह, योगी, शिवराज स्टार प्रचारक

मप्र में विधानसभा चुनाव के लिए भाजप ने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, शिव प्रकाश,सत्यनारायण जटिया, विष्णु दत्त शर्मा, अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल, नरेंद्र सिंह तोमर, स्मृति ईरानी,भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव, वीरेंद्र कुमार खटीक, अनुराग ठाकुर, देवेंद्र फडऩवीस, हिमंत बिस्वा सरमा, कैलाश विजयवर्गीय, केशव प्रसाद मौर्य, ब्रिजेश पाठक, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रह्लाद पटेल, एसपी सिंह बघेल, कृष्णपाल गुर्जर, मनोज तिवारी, जयभान सिंह पवैया, हितानंद, नरोत्तम मिश्रा, गोपाल भार्गव, राजेंद्र शुक्ल, लाल सिंह आर्य, कविता पाटीदार, उमाशंकर गुप्ता, गणेश सिंह, गौरीशंकर बिसेन और रामलाल रौतेल शामिल हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.