Type Here to Get Search Results !

365 दिन वन्य प्राणियों की सेवा का संकल्प लें : राज्यपाल पटेल

भोपाल। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि प्रकृति की रचनाओं में मानव प्रजाति सबसे अधिक सामर्थ्यवान है। उसके पास बुद्धि और वाणी की अदभुत शक्तियाँ है। मानव का कर्तव्य है कि वह वन और वन्य-प्राणी की सेवा का उत्तरदायित्व ग्रहण करे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वन और वन्यप्राणियों की 365 दिन सुरक्षा, संरक्षण और सेवा का संकल्प लें। राज्यपाल ने पुरस्कार विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने अपेक्षा की कि वह उत्साह और दायित्व बोध के साथ आगे बढ़ कर वन और वन्य-प्राणी संरक्षण प्रयासों का नेतृत्व करें।

राज्यपाल श्री पटेल शनिवार को वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में राज्य स्तरीय वन्य-प्राणी सप्ताह के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में विभिन्न प्रतियोगिताओं के 98 विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व कॉफी टेबल बुक, बटरफ्लाई, वन विहार राष्ट्रीय उद्यान बटरफ्लाई सर्वे रिपोर्ट और वन विभाग की गतिविधियों की त्रैमासिक पत्रिका वनांचल का लोकार्पण किया गया।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि वन और वन्य प्राणियों के साथ उनका जुड़ाव बहुत पुराना है। उन्हें गुजरात में वन मंत्री के रूप में लंबे समय तक कार्य का अनुभव है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में मानव प्रजाति का हिस्सा बहुत छोटा है, हमारे चारों ओर जीव-जंतुओं और वनस्पतियों की असंख्य प्रजातियाँ हैं। विभिन्न प्रजातियों और मानव जाति के बीच नाजुक संतुलन से ही इकोलॉजी तंत्र बनता है, जिसमें जैव-विविधता महत्वपूर्ण भूमिका रखती है। हमारे ऋषि-मुनियों ने अपने तप, त्याग और साधना से हजारों साल पहले ही इकोलॉजी तंत्र के संरक्षण के लिए प्राणियों में सद्भावना का संदेश दिया था। यही कारण है कि भारतीय संस्कृति में वन और वन्य-जीवों का विशिष्ट स्थान रहा है। हमारे देवी-देवताओं के वाहन भी वन्य जीव हैं। समाज में पेड़-पौधों की आराधना होती है। उन्होंने वन की प्रदक्षिणा, नवग्रहों, 12 राशियों और 27 नक्षत्रों में प्रत्येक के लिए पौधों की सांस्कृतिक महत्ता के बारे में बताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.