मुंबई। क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी US ओपन टेनिस का मैच देखते नजर आए। उन्होंने मेंस सिंगल्स में कार्लोस अल्कारेज और अलेक्जेंडर ज्वेरेव के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला देखा। धोनी अल्कारेज के पीछे अपने 2 दोस्तों के साथ बैठे नजर आए।
अल्कारेज ने मुकाबले को सीधे सेटों में 6-3, 6-2, 6-4 के अंतर से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में उनका सामना 9 सितंबर को डेनियल मेदवेदेव से होगा। US ओपन टेनिस टूर्नामेंट अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में 22 अगस्त से 10 सितंबर तक खेला जा रहा है।
मेंस सिंगल्स में अल्कारेज और ज्वेरेव का मुकाबला 7 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे (भारतीय समयानुसार) के बाद खेला गया। यहां अल्कारेज के पीछे एमएस धोनी अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठे नजर आए। ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर धोनी का वीडियो भी शेयर किया। वीडियो में धोनी कुछ लोगों से बात करते-करते हंसते नजर आए।