Type Here to Get Search Results !

रामानुजाचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय स्थापित होगा रीवा में :मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि रीवा में रामानुजाचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। साथ ही संस्कृत विद्यालयों में कर्मकाण्ड की शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति की व्यवस्था भी की जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान विंध्य क्षेत्र से आये आचार्यगणों को निवास कार्यालय में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जनसम्पर्क मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, जगदगुरू वैदेही वल्लभ देवाचार्य, मानस पीठाधीश्वर जगदगुरू रामललाचार्य जी तथा विनय शंकर ब्रह्मचारी जी विशेष रूप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केन्द्रीय विश्वविद्यालय नई दिल्ली के प्रो. देवेंद्र प्रसार मिश्र की पुस्तक "यजुर्वेद में वैश्विक चिंतन तथा नंदकुमार चरितम्" महाकाव्य का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से ही संतों का साथ मिलता है। आज मुख्यमंत्री निवास पधारे आचार्यगण के सानिध्य से मन आनंद से भरा है। राज्य शासन विकास और जनकल्याण के कार्य तो करता ही है पर इसके साथ ही प्रदेशवासियों का जीवन सही दिशा में चले इसकी चिंता करना भी सरकार का दायित्व है। इस दायित्व निर्वहन में आचार्यगण महत्वपूर्ण सहयोगी हैं। प्रदेश में महाकाल महालोक का निर्माण, आदि गुरू शंकराचार्य की प्रतिमा की स्थापना से प्रदेश में अद्भुत अलौकिक वातावरण निर्मित हुआ है। वसुधैव कुटुमबकम् और सभी प्राणियों में सद्भाव के विस्तार के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि संस्कृत व संस्कृति का सम्मान तथा उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करना हमारा कर्तव्य है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.