Type Here to Get Search Results !

अमेरिका के नियाग्रा फाल जैसा बृहस्पति कुंड में पर्यटन के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे: मंत्री श्री सिंह

भोपाल। बृहस्पति कुंड को सुंदर और भव्य स्वरूप दिया जाएगा। पर्यटन विकास के साथ यहाँ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे। भविष्य में यह पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा।

खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने यह बात बुधवार को बृहस्पति कुंड में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के भूमि-पूजन अवसर पर कहीं। मंत्री श्री सिंह ने 3 करोड़ 2 लाख 70 हजार रुपए लागत राशि के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया।

पर्यटन विभाग द्वारा बृहस्पति कुंड में पर्यटकों की सुविधा के लिए रेलिंग, शेल्टर, शौचालय, कैफेटेरिया, पार्किंग इत्यादि का निर्माण किया जाएगा। तकनीकी टीम द्वारा परीक्षण के बाद यहां ग्लास ब्रिज का निर्माण भी करवाया जाएगा।

श्री सिंह ने कहा कि ऐतिहासिक व प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर बृहस्पति कुंड राम वन पथ गमन में शामिल महत्पवूर्ण स्थान भी है। सारंगधाम सहित भगवान राम की स्मृतियों से जुड़े स्थलों के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। इन सभी स्थानों के सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण का कार्य करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में बृहस्पति कुंड का स्वरूप संयुक्त राज्य अमेरिका के नियाग्रा फॉल जैसा प्रतीत होता है। यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। यह स्थान बारिश के मौसम में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र भी रहता है। विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर पर्यटन विभाग के माध्यम से विकास कार्यों की यह बड़ी उपलब्धि है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.