Type Here to Get Search Results !

कमल का बटन दबाकर चुनाव में रचें इतिहास, बनाएं भाजपा की सरकारः प्रभात झा

देवरी पहुंची जन आशीर्वाद यात्रा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने जनसभा में किया आह्वान

सागर। गरीब और कमजोर वर्गों को ऊपर उठाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकारों ने अनेक योजनाएं लागू की हैं। भाजपा की सरकारों ने देश और प्रदेश के विकास के काम किए हैं। इसलिए आने वाले चुनाव में भाजपा को आशीर्वाद दें। कमल का बटन दबाकर इतिहास रचें और एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाएं। यह बात पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रभात झा ने महाकोशल की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान सागर जिले के देवरी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। 

जन्म से लेकर बुढ़ापे तक की चिंता करती है भाजपा की सरकार

वरिष्ठ नेता श्री प्रभात झा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश में विकास की जो योजनाएं बनाई हैं, उनसे कमज़ोर वर्ग का विकास हुआ है। आज प्रदेश में अगर बेटी पैदा होती है तो उसके लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना है। पढ़ने के लिए सीएम राइज जैसे अच्छे स्कूल हैं, शादी के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना है और शादी के बाद के लिए लाडली बहना योजना का लाभ मिलता है। रहवासी जमीन न होने पर प्लाट मिलता है और पक्का मकान भी मिल जाता है। बुढ़ापे में पेंशन और तीर्थ दर्शन योजना का लाभ मिलता है। क्या ऐसी सरकार को आप वोट नहीं देंगे, जो पैदा होने से लेकर बुढ़ापे तक का इंतजाम कर रही है।  इसी सरकार को क्या आप वोट नहीं देंगे? उन्होंने कहा कि 2023 और 2024 के चुनाव में भाजपा को अपना आशीर्वाद देकर मध्यप्रदेश में पांचवी बार और देश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाकर रिकॉर्ड बनाएं। 

कांग्रेस की सरकारों ने विकास का कोई काम नहीं कियाः गोविंदसिंह राजपूत

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के मंत्री श्री गोविंदसिंह राजपूत ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के विकास के लिए कुछ नहीं किया। 15 महीनों की सरकार के दौरान भी कांग्रेस ने प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया। पार्टी के नेता एक-दूसरे को मिटाने में लगे रहे और इसी चक्कर में खुद भी मिट गए। श्री राजपूत ने कहा कि प्रदेश के किसान अपने दिल पर हाथ पर रख कर बताएं कि क्या कांग्रेस ने अपने 50 सालों के शासन में कभी किसानों को सम्मान दिया था ? क्या कभी किसी ने सोचा था कि किसानों के खाते में सीधे पैसे आयेंगे? यह काम भाजपा की सरकार आने के बाद संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार जल्द ही लाडली बहना आवास योजना शुरू करने जा रहे हैं, जिसके फॉर्म 5 अक्टूबर से भरे जाएंगे। इस योजना में उन लाडली बहनों को आवास दिये जाएंगे, जिन्हें अभी तक आवास नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक पात्र बहन को इसका लाभ दिलाएं। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को हर वर्ग का आशीर्वाद मिल रहा है और प्रदेश में भाजपा की ही सरकार बनने जा रही है। लेकिन आप लोगों को यह ध्यान रखना है कि उम्मीदवार कोई भी हो, आपको कमल का बटन दबाना है। 

जनता ने बना लिया भाजपा की सरकार बनाने का मनः सुधा यादव

जनसभा को संबोधित करते हुए पार्टी की संसदीय बोर्ड की सदस्य श्रीमती सुधा यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने जिस दिन से शपथ ली है, लगातार देश का सम्मान बढ़ाने में लगे हैं। उनका ध्यान हमेशा इस बात पर रहता है कि एक आम व्यक्ति के जीवन स्तर को किस तरह उठाया जाए। श्रीमती यादव ने कहा कि आज देश में तेजी से सड़कों का निर्माण हो रहा है, विज्ञान और तकनीकी के क्षेत्र में काम हो रहा है, देश में विमानवाहक पोत और फाइटर प्लेन बनाने का काम हो रहा है, यह सब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से ही संबोधित हो सका है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी विकास की गंगा बह रही है। श्रीमती यादव ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्राओं में जिस तरह जन सैलाब उमड़ रहा है, उसे देखकर कहा जा सकता है कि प्रदेश की जनता ने एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है। सभा के दौरान युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री अभिलाष पाण्डेय सहित अन्य नेता मंचासीन रहे। 

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

महाकोशल क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा सोमवार को सागर जिले के महाराजपुर होते हुए देवरी पहुंची, जहां स्थानीयजनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। स्वागत करने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.