मुंबई। रिलीज के बाद से ही आदिपुरुष विवादों में है। फिल्म को लगातार डायलॉग और वीएफएक्स के लिए क्रिटिसाइज किया जा रहा है। किसी को फिल्म में रावण का लुक नहीं पसंद आया है, तो कई लोगों हनुमान जी की भाषा टपोरियों जैसी लगी है। यहां तक कि कुछ लोग रामायण के सीन्स को गलत तरह से दिखाने का आरोप लगा रहे हैं।
इस बीच आदिपुरुष को लेकर अब रामानंद सागर की रामायण में राम और लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले एक्टर अरुण गोविल और सुनील लहरी का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने आदिपुरुष के मेकर्स पर रामायण को गलत तरह से दिखाने का आरोप लगाया है। साथ ही रामायण में ऐसे शब्दों के इस्तेमाल को शर्मनाक बताया है। विवाद पर अरुण बोले- ‘दर्शकों ने अपनी बात कह दी है। रामायण भारतीय संस्कृति की धरोहर है और अब उसे लेकर जिस तरह से बातें की जा रही हैं, उसे जानकर काफी ठेस पहुंची है। रामायण की मूल भावना और स्वरूप को इस तरह से बदलने की जरूरत नहीं थी।’