Type Here to Get Search Results !

प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अधिक से अधिक जन-भागीदारी सुनिश्चित हो

भोपाल। आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रामकिशोर 'नानो' कावरे ने आयुष विभाग के जिला अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि 21 जून 2023 को प्रदेश में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास में अधिक से अधिक जन-भागीदारी सुनिश्चित की जाये। राज्य मंत्री श्री कावरे ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम जबलपुर में होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरिमा के अनुरुप प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम हों। राज्य मंत्री श्री कावरे ने जिला अधिकारियों से कहा कि वे कलेक्टर से समन्वय रख कर कार्यक्रम की भव्यता सुनिश्चित करें। बैठक में प्रमुख सचिव श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव, आयुक्त आयुष श्रीमती सोनाली पोंक्षे वायंगणकर एवं विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में बताया गया की अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के ऐतिहासिक एवं पुरातत्वीय महत्व के स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास के विशेष सत्र होंगे। निर्देश दिये गये कि इन स्थानों पर प्रोटोकॉल के अनुसार नागरिकों को योगाभ्यास कराया जाये। बताया गया कि राष्ट्रीय स्तर का योग दिवस कार्यक्रम जबलपुर के गैरीसन ग्राउण्ड पर होगा।

राज्य मंत्री श्री कावरे ने जिलाधिकारियों से कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद ली जाये। बताया गया कि प्रदेश में श्री रामचन्द्र मिशन और हार्टफुलनेस संस्थान ने जन-अभियान परिषद के सहयोग से प्रत्येक ग्राम पंचायत में एकात्म अभियान शुरू किया है। प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एक करोड़ लोगों को योग से जोड़ने का कार्यक्रम तय किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.