मुंबई। सनी देओल के बेटे और धर्मेंद्र के पोते करण देओल की 18 जून को शादी हो गई है। शादी के बाद कल शाम को रिसेप्शन था और इसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस बीच सनी देओल का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने बेटे करण और रणवीर सिंह के साथ स्टेज पर डांस करते हुए दिखाई दिए।
वीडियो में सनी और करण मंच पर गदर के सुपरहिट गाने 'मैं निकला गड्डी लेके' पर थिरकते हुए दिखाई दे रहे हैं। जबकि सिंगर सोनू निगम पार्टी में लाइव परफॉरमेंस दे रहे हैं। दोनों इस गाने का हुक करते हुए दिखाई दिए। इसी बीच रणवीर सिंह भी स्टेज पर पहुंच जाते हैं और दोनों के साथ डांस करने लगते हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सनी अपने छोटे बेटे राजवीर देओल के साथ भी डांस करते हुए दिखाई दिए। वीडियो में राजवीर पापा के साथ अपने दादा धर्मेंद्र के गाने 'छलकाए जाम' पर डांस कर रहे हैं। इस गाने को सोनू निगम स्टेज पर गाते हुए दिखाई दिए। इस दौरान बाप- बेटे की यह जोड़ी कमाल की लग रही है।