Type Here to Get Search Results !

बजरंग दल के कार्यकर्ता बजरंग बली के भक्त नहीं अवांछित तत्व: विभा पटेल

बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने तो हनुमानजी से विनम्रता की शिक्षा नहीं ली

भोपाल। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने बजरंग दल की भर्त्सना करते हुए कहा कि भाजपा आसन्न विधानसभा चुनाव में अपनी हार को देखकर बौखला गई है। इस कारण उसने  अपने अनुषांगिक संगठन के जरिए कांग्रेस पार्टी के दफ्तर में जबलपुर में हमला कराया। बालाघाट में भी इस कृत्य को दोहराने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ता बजरंग बली के भक्त नहीं बल्कि अवांछित तत्व है। 

श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि मन, कर्म और वाणी पर संतुलन हनुमान जी से सीखा जा सकता है। ज्ञान, बुद्धि, विद्या और बल के साथ ही उनमें विनम्रता भी अपार थी लेकिन खुद को बजरंग दल के कार्यकर्ता कहने वाले इससे शिक्षा न लें तो यह उनकी नादानी है। वे रविवार को जबलपुर में कांग्रेस की  मौन प्रतिकार यात्रा में शामिल हुई। 

श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा कि कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़ करने वालों को रोकने में पुलिस ने कोई विशेष कार्यवाही नहीं की। ये इस बात का भी प्रतीक है कि इस घटना को भाजपा सरकार के मुखिया शिवराज सिंह चौहान का समर्थन रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान सरकार ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तोड़ा है। राजनीतिक शिष्टाचार एवं प्रजातांत्रिक मूल्यों से उसका कोई सरोकार नहीं है। 

श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास आजादी के पूरे संघर्ष से जुड़ा रहा है। कांग्रेस की मंशा देश को एकता के सूत्र में बांधने की है। कांग्रेस सभी देशप्रेमियों में पक्षपात, नफरत की भावना को समाप्त करना चाहती है। जातीयता और धार्मिक मतभेदों को समाप्त करके राष्ट्रीय एकता का निर्माण करना कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य है। लेकिन छल पूर्वक कांग्रेस के जनादेश को चुराने भाजपा की शिवराज सिंह चौहान सरकार की सोच में संकीर्णता है। अब जनता शिवराज सिंह चौहान सरकार को जवाब देगी। 

मौन प्रतिकार यात्रा में राज्यसभा सदस्य विवेक कृष्ण तन्खा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल, मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल समेत युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू पूर्व कैबिनेट मंत्री विधायक द्वय तरुण भनोट व लखन घनघोरिया, सहित अन्य कांग्रेस जन बड़ी संख्या में शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.