नशामुक्ति अभियान के तहत की जा रही लगातार कार्यवाही
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशन पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 8.अक्टूबर से नशे के विरूद्ध विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत मादक पदार्थ, अवैध शराब, सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने एवं शराब पीकर वाहन चलाने, साथ ही हुक्काबार लांउज और सिगरेट एवं तम्बाकू निषेध अधिनियम के तहत कार्यवाहियां की जा रही हैं। पुलिस की कार्यवाही का उद्देश्य एक तरफ तो जागरूकता द्वारा नशे की मांग को कम करना है वहीं दूसरी तरफ नशे की आपूर्ति श्रृंखला में कानूनी कार्यवाही कर रोकथाम लगाना है। प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों द्वारा पुलिस महानिदेशक महोदय के आदेशानुसार जिला पुलिस बलों से कार्यवाही कराई जा रही है जिसकी कुछ मुख्य झलकियां निम्नानुसार हैं।
दिनांक 08.10.2022 से दिनांक 16.10.2022 तक सम्पूर्ण प्रदेश में सिगरेट और अन्य तम्बाकू उत्पाद (विज्ञापन का निषेध और व्यापार तथा वार्णिज्य उत्पादन, आपूर्ति और वितरण का विनियमन ) अधिनियम, COTPA के तहत हुक्काबार एवं सार्वजनिक स्थान पर तम्बाकू अधिनियम के तहत 3272 कार्यवाहियां की गई जिसमें 3874 आरोपी बनाये गये।
अवैध रूप से संचालित हुक्काबार पर पुलिस द्वारा कड़ी वैधानिक कार्यवाहियां कर संपूर्ण रूप से बंद कराये गये। युवाओं मे तेजी से प्रचलित हो रही इस प्रवृत्ति पर रोक लगाई गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर होने वाली अवैधानिक गतिविधियों को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया गया। प्रदेश में इस प्रकार 11825 प्रकरणों में 12121 आरोपियों के विरूध्द कार्यवाई की गई।
वाहन दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण नशे में रहते हुए वाहन चलाना है। इस प्रवृत्ति के विरूद्ध लगातार कार्यवाई की जा रही है। Breath Analyser से चैंकिंग की जा रही है। प्रदेश में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध 1612 प्रकरणों में 1619 आरोपियों पर कार्यवाही की गई है।
दोनों कार्यवाहियां नशे की आपूर्ति पर एक सशक्त प्रहार है जो अनवरत जारी है।
नशे के विरूद्ध व्यापक जागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है। यह सर्वविदित है कि यदि मांग में कमी लायी जाये तो आपूर्ति स्वयंमेव प्रभावित हो जायेगी। नशे की गिरफ्त में आ सकने वाले संभावित वर्ग (छात्र, युवा, बस्तियों के बच्चे) की पहचान कर इनमे लगातार नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जा रही है। युवाओं को नशे के विरूद्ध प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में 6404 जनसभायें की गई हैं। नशामुक्ति अभियान, समस्त पहलुओं पर वैज्ञानिक अध्ययन के साथ एक समग्र एवं प्रभावी कार्यक्रम है, जो अपेक्षित परिणाम प्रदान करेगा एवं नशे से समाज को मुक्त रखने में सहयोगी रहेगा।