भोपाल। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा कि अच्छी सोच और बेहतर स्वास्थ्य के लिए जीवन में खेल बहुत जरूरी है। राज्यपाल आज राजभवन में 22 दिसंबर से 22 जनवरी तक चली खेल प्रतियोगिता के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रही थी। इस अवसर पर खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया एवं राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री डी.पी. आहूजा उपस्थित थे। राज्यपाल श्रीमती पटेल ने कहा कि खेल में हार-जीत के परिणाम नहीं, भाग लेना मायने रखता है। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्तियों को आपस में जोड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रसन्नता की बात है कि खेल प्रतियोगिताओं के दौरान राजभवन के अधिकारी-कर्मचारियों में आपसी समझ बढ़ी है। वे एक दूसरे की मदद और सहयोग के लिए आगे आने लगे हैं। खेलने से सहयोग, अनुशासन और निरंतर प्रयासों से सफलता का विश्वास मिलता है। उन्होंने 50 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रदर्शन से सीख मिलती है कि कभी भी कोई भी काम सफलता पूर्वक किया जा सकता है। आवश्यकता संकल्प की है। राज्यपाल ने राजभवन के अधिकारी-कर्मचारियों का आव्हान किया कि राजभवन में उपलब्ध मैदानों का इस्तेमाल खेलने में करें।
अच्छी सोच और स्वास्थ्य के लिए जरूरी है खेल: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
जनवरी 22, 2021
0
Tags