टोक्यो। टोक्यो ओलिंपिक पर कोरोना का साया मंडराने लगा है। वर्ल्ड मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो टोक्यो गेम्स का रद्द होना तय है। ब्रिटिश अखबार डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक जापान की सरकार भी इस बात को स्वीकार कर चुकी है कि 2021 में ओलिंपिक का आयोजन मुमकिन नहीं होगा। कैबिनेट मंत्रियों की प्राइवेट मीटिंग में इस पर फैसला हो चुका है। हालांकि, कोई आधिकारिक घोषणा अब तक नहीं की गई है। जापान सरकार के कई सीनियर मंत्रियों ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि महामारी के बीच ओलिंपिक का आयोजन नहीं किया जा सकता है। जापान चाहता है कि अब वह 2032 में होने वाले ओलिंपिक की मेजबानी का दावा पेश करे। अगर जापान अभी मेजबानी से इनकार करता है तो इस बार का ओलिंपिक रद्द हो जाएगा। इस स्थिति में यह पहला मौका होगा जब बिना किसी युद्ध के ओलिंपिक का आयोजन रद्द हुआ हो। 1916, 1940 और 1944 में ओलिंपिक रद्द हो चुके हैं। 1916 में पहला विश्व युद्ध चल रहा था। वहीं, 1940 और 1944 के ओलिंपिक दूसरे विश्व युद्ध के कारण रद्द किए गए थे। अगला ओलिंपिक 2024 में पेरिस में होना है। 2028 में अमेरिकी शहर लॉस एंजिल्स इन खेलों का आयोजन होगा।