Type Here to Get Search Results !

चाहे जो सिचुएशन हो पटना साहिब से ही लड़ूंगा चुनावः शत्रुघ्न सिन्हा

पटना 
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ लंबे समय से चल रहे मतभेदों के बीच शत्रुघ्न सिन्हा ने पटना साहिबलोकसभा सीट से ही चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा है कि वह आने वाले लोकसभा चुनाव में अपनी संसदीय सीट नहीं बदलेंगे। चाहे जैसी भी स्थितियां हों वह पटना साहिब से ही चुनाव लड़ेंगे।

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, 'सिचुएशन कुछ भी हो लोकेशन वही होगी।' पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न की बिहार में 2015 विधानसभा चुनाव के बाद से बीजेपी नेताओं के साथ कई मुद्दों के लेकर खींचतान चल रही है। कई बार उन्होंने अपनी ही पार्टी के खिलाफ बयान दिए तो कई बार ट्वीट करके निशाना साधा। उन्होंने मोदी सरकार के नोटबंदी और जीएसटी के फैसले की भी कड़ी आलोचना की थी। 

विपक्षी दलों के मंच पर पहुंचे थे शत्रुघ्न 
वह इस साल जनवरी में कोलकाता में बीजेपी के खिलाफ विपक्षी पार्टियों के धरने में भी भी शामिल हुए थे। उन्हें विपक्षी दलों ने वहां स्टार वक्ता के रूप में प्रजेंट किया था। हाल ही में वह लखनऊ आए। उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की। एसपी नेता के साथ हुई उनकी इस मुलाकात के बाद कई कयास लगाए जा रहे थे। 

शत्रुघ्न की पत्नी राजनाथ के खिलाफ लड़ेंगी चुनाव? 
कहा जा रहा है कि शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा सक्रिय राजनीति में आ सकती हैं और वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से चुनाव लड़ सकती हैं। यह सीट अभी गृह मंत्री राजनाथ सिंह के पास है। अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। 

'समय बताएगा पूनम चुनाव लड़ेंगी या नहीं'
 
पत्नी के चुनाव लड़ने के सवाल पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, 'पूनम सिन्हा अपने सामाजिक कार्य में लंबे समय से लगी हैं। उन्हें और उनके काम को हर कोई पसंद करता है। लोग चाहते हैं कि वह चुनाव लड़ें लेकिन समय बताएगा कि वह चुनाव लड़ेंगी कि नहीं।' 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.