Type Here to Get Search Results !

महाशिवरात्रि से एक रात पहले 9 घंटे में 6 चाकूबाजी, 2 छेड़छाड़, गौरी नगर में हत्या

इंदौर
महाशिवरात्रि के एक दिन पहले रविवार दोपहर 2 बजे से रात 11.30 बजे तक साढ़े 9 घंटे में शहर के नौ थाना क्षेत्रों में 6 चाकूबाजी, एक हत्या और दो छेड़छाड़ की वारदातें हुईं। जिन थाना क्षेत्रों में ये घटनाएं हुईं, वहां न तो पुलिस की सख्ती थी, न ही चेकिंग व्यवस्था।

बदमाश भी वारदात के बाद बेखौफ भाग गए। पुलिस के लचर रवैये का एक उदाहरण तो एसएसपी रुचिवर्धन मिश्र ने खुद देखा। दरअसल, वे हीरानगर क्षेत्र में हत्या के बाद देर रात भ्रमण पर थीं। रात 1 बजे बापट चौराहे पर उन्हें पान, रिफ्रेशमेंट दुकानें खुली मिलीं। असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा था। उन्होंने परदेशीपुरा सीएसपी हरीश मोटवानी को फोन पर पूछा- क्षेत्र में क्या स्थिति है।
सीएसपी बोले- मैडम सब ठीक है। इस पर उन्होंने सीएसपी को जमकर फटकारा और कहा कि क्या आप क्षेत्र में मूवमेंट नहीं करते हैं। घटना होगी तो कौन जिम्मेदार होगा। अफसरों की गैरजिम्मेदारी के चलते ही इस साल के 63 दिनों में 16 हत्याएं और 86 से ज्यादा चाकूबाजी हो चुकी हैं। लूट-चोरी का आंकड़ा तो और ज्यादा है।
9 big crime in 9 hours in Indore
दोपहर 2 बजे छेड़छाड़ से शुरू हुआ सिलसिला रात साढ़े 11 बजे जानलेवा हमले तक चलता रहा  
दोपहर 2 बजे :  द्वारकापुरी थाना क्षेत्र। मैदान से गुजर रही 30 वर्षीय महिला से आरोपी मनीष शर्मा निवासी नावदापंथ ने छेड़छाड़ की। बमुश्किल महिला वहां से भागी। 500 मीटर दौड़ने के बाद लोगों से मदद लेकर पति को घटना बताई। थाने में केस दर्ज कराया। 

दोपहर 2 बजे :  सदर बाजार थाना क्षेत्र। पेट्रोल भरवाने की बात पर रामबाग में विकास पिता प्रकाश गौड़ निवासी कमाठीपुरा पर बदमाश सन्नी कंडारे ब्लेड से हमला कर भाग गया।  
 
शाम 6 बजे : एमआईजी थाना क्षेत्र।  आंबेडकर नगर में शराब के लिए 500 रुपए न देने पर लक्की उर्फ राजू कुशवाह ने देवनगर के मोहित भलावी पर हमला किया और भाग निकला।  
 
शाम 7 बजे : सेंट्रल कोतवाली थाना। पुरानी रंजिश में विनय पिता प्रदीप चौधरी निवासी नार्थ तोड़ा पर बदमाश सुमित उर्फ तंबू वर्मा और उसके साथियों ने चाकू से हमला कर दिया। प्रदीप अब भी जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।  
 
रात 8.30 बजे : हीरा नगर थाना। ओटले पर बैठने के विवाद में खुद को पूर्व टीआई का रिश्तेदार बताने वाले योगेंद्र सिंह जादौन ने अरुण उर्फ रिंकू की गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि आरोपी पकड़ा गया। 
 
रात 9.30 बजे : एरोड्रम थाना क्षेत्र। रोहन सेठिया पर गुंडे पवन चोपड़ा ने बिना कारण कैंची से वार किए। थाने के सिपाही प्रकाश और मनोज उसे पकड़ने गए तो उन पर भी हमला किया। 
 
रात 10 बजे : हीरा नगर थाना क्षेत्र। बदमाश कल्लू उर्फ नरेंद्र सुनहरे ने महिला से छेड़खानी की। महिला जैसे-तैसे चंगुल से छुटी।
 
रात 11.30 बजे : ग्वालटोली थाना क्षेत्र। सुभाष नगर के दीपक नामदेव पर धर्मेंद्र राठौर ने चाकू से हमला किया। दीपक गंभीर घायल है। 
जो घटनाएं हुईं, उनकी वजह व्यक्तिगत है
सवाल : अपराध बढ़ रहे हैं। बदमाशों में पुलिस का डर खत्म हो गया है? 
जवाब : ऐसा नहीं है। जो घटनाएं हुई हैं, उनकी वजह व्यक्तिगत कारण है। कुछ में अपराधियों की भूमिका है।
 
सवाल : सीएसपी और टीआई का मूवमेंट फील्ड में कम है, स्टाफ भी गंभीर नहीं रहता। इस पर क्या कार्रवाई होगी?
जवाब : रात की चेकिंग को सख्त बनाने के लिए सीएसपी व टीआई को स्टाफ के साथ मूवमेंट करने के निर्देश दिए हैं। 
 
सवाल : अफसरों का टीआई, थानों पर होल्ड कम क्यों है? 
जवाब : ऐसा नहीं है। चाकूबाजी और लूट की घटनाओं के लिए टीआई की जिम्मेदारी तय की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.