पन्ना में किशोर जी मंदिर परिसर में पांच दिवसीय जनरंजन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ सांसद नागेन्द्र सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण रास लीला ज्ञान और रंजन का मधुर संगम है। इसमें गूढ दार्शनिक विषयों को कथा और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। संस्कृति विभाग द्वारा पहली बार आयोजित यह समारोह हर वर्ष आयोजित करें। उन्होंने किशोर जी मंदिर परिसर में मंच निर्माण के लिए सांसद निधि से 10 लाख रूपये देने की घोषणा की। समारोह का आयोजन आदिवासी लोककला एवं बोली विकास अकादमी द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से किया गया।

जुगुल किशोर जी मंदिर परिसर में हो रहा आयोजन
सांसद श्री सिंह ने कहा कि कृष्ण लीला तथा राम लीलाओं ने प्राचीन काल से अब तक आमजनता के मनोरंजन और ज्ञानवर्धन का कार्य किया है। महाभारत, रामायण जैसे ग्रन्थों ने कथा के माध्यम से ज्ञान दर्शन तथा मनोरंजन किया है। लोकरंजन के तहत पन्ना ने रासलीला का प्रथम प्रयास प्रदेश के संस्कृति कैलेण्डर में शामिल करें। यह पन्ना उत्सव के रूप में हर वर्ष आयोजित होता रहे। पन्ना मंदिरों की नगरी की पहचान बनाए रखे।
समारोह में विधायक गुनौर महेन्द्र सिंह बागरी ने कहा कि लोकरंजन महोत्सव से पन्ना में स्थानीय कलाकारों को प्रेरणा मिलेगी। संस्कृति विभाग ने सराहनीय कार्य किया है। कृष्ण कथाओं के मंचन से आमजनता को प्रेरणा मिलेगी। समारोह में कलेक्टर आरके मिश्रा ने कहा कि संस्कृति विभाग का प्रथम प्रयास लोकरंजन है। पन्ना कृष्ण भगवान की जन्मस्थली नही है लेकिन उससे कम भी नही है। इसलिए प्रथम लोकरंजन महोत्सव किशोरी जी मंदिर परिसर में 24 से 28 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसका शुभारंभ कृष्ण लीलाओं से किया गया है। इसे नियमित आयोजित करके संस्कृति विभाग के कैलेण्डर में शामिल करने के पूरे प्रयास किए जाएंगे।
