Type Here to Get Search Results !

नेतागिरी के चक्कर में बने हंसी का पात्र

रामसुंदर मिश्र, वाराणसी.

नेतागिरी के चक्कर में बने हंसी का पात्र लोकसभा चुनाव को पास आता देख संभावित प्रत्याशी जनता को प्रभावित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे, जिसके चक्कर में बिना हालात का सही पता किए ही सड़कों पर सतही प्रदर्शन किए जा रहे हैं। नतीजे में भरे चौराहे पर हंसी का पात्र बन रहे हैं।
दरअसल, प्रदेश सरकार द्वारा गृहकर में वृद्धि किये जाने के विरोध में जिलों में प्रदर्शनों का दौर शुरू हो गया था। बृहस्पतिवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने गृहकर बढाए जाने के विरोध में नगर निगम गेट के सामने प्रदर्शन किया। संगठन के जिला अध्यक्ष निर्वाचित किये गए गौरव सिंह के नेतृत्व में संगठन और जिला कांग्रेस के कई पूर्व पदाधिकारी घंटों धरने पर बैठे रहे। शरद पांडे मुन्ना, राघवेन्द्र चौबे, अनुराग पाण्डेय छोटू और चंद्रकांत सिंह चंदू समेत दर्जनों ने गृहकर वृद्धि के विरोध में नगर निगम और प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे थे। गौरव सिंह वाराणसी लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी की तरफ से उम्मीदवारी का दावा भी ठोंक रहे हैं। जिलाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अपनी दावेदारी को पुख्ता करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ शहर की समस्याओं पर प्रदेश सरकार के खिलाफ लगातार नारा बुलंद कर रहे हैं। आज गृहकर वृद्धि के खिलाफ शरद पांडे मुन्ना के नेतृत्व में कमच्छा स्थित शायरी माता मंदिर के पास नगर आयुक्त का पुतला फूंका। सड़क पर गुजर रहे राहगीर नेतागिरी के इस स्तर को देखकर अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे थे। कुछ लोगों ने पुतला फूंकने वालों को वृद्धि वापस लिए जाने के फैसले से अवगत भी कराया। शासन के फैसले से रूबरू होने के बाद भी नगर आयुक्त का पुतला फूंका गया साथ ही प्रेस विज्ञप्ति भी प्रेषित कर दी गई। गौरतलब है कि प्रदेश भर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए सपा सरकार ने 17 अप्रैल को गृहकर वृद्धि का फैसला वापस ले लिया था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.