Type Here to Get Search Results !

भाजपा सरकार में प्रदेश का हर किसान दुखी और पीड़ित

रामबिहारी पांडेय, सीधी
मध्यप्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने कहा है कि, केन्द्र सरकार द्वारा किसान, मजदूर, गरीबों के लिए संचालित योजनाओं को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश सरकार की योजना बताकर झूठी वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री घोषणा करने में माहिर हैं, किन्तु गरीबों की समस्याओं के समाधान के लिए किसी तरह का प्रयास नहीं किया जा रहा है। भाजपाराज में भाजपा नेताओं की जेब गरीबों के हक से भरी जा रही है। 
*हत्था में आयोजित महिला किसान मजदूर सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने शिवराज सरकार की बखिया उधेड़ी

*केन्द्र सरकार की योजनाओं को अपने नाम से प्रचारित करके झूठी वाहवाही लूट रहे हैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान


राहुल भैया आज रामपुर नैकिन विकासखण्ड के हत्था अगहार में कृषि स्थाई समिति जिला पंचायत सीधी द्वारा आयोजित विशाल महिला किसान मजदूर सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में रहते साढ़े नौ वर्ष का समय बीत चुका है, किन्तु आज भी गरीब, मजदूर, किसान व आम वर्ग शासन की योजनाओं से काफी दूर है। केन्द्र सरकार द्वारा गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले लोगों के लिए माह में एक परिवार के लिए 35 किलो खाद्यान्न देने की योजना संचालित है किन्तु प्रदेश सरकार द्वारा सिर्फ 18 किलो खाद्यान्न ही गरीबों को दिया जा रहा है, शेष का पता ही नहीं चल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 24 घण्टे बिजली देने की बात करते हैं, किन्तु हालात यह हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों व आम जन को महज 8-10 घण्टे ही बिजली मिल पा रही है। दाऊ साहब के समय गरीबों को एक बत्ती कनेक्शन का लाभ मिला था जिस पर प्रदेश सरकार द्वारा 15 से 18 हजार रूपये बिजली के बिल भेजे जा रहे हैं। बिल नहीं चुका पाने पर किसानों को जेल जाने के नोटिस भी थमाए जा रहे हैं। एक तरफ मुख्यमंत्री अपने आपको किसान का बेटा कहते हैं वहीं दूसरी तरफ मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा किसान, मजदूर ही परेशान है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने कहा कि यह क्षेत्र दाऊ साहब का क्षेत्र है यहां के लोग यहां से लेकर दिल्ली तक बराबर संपर्क में सदैव रहे हैं। आज हम जो भी हैं क्षेत्र की जनता जर्नादन के आर्शीवाद व सहयोग के चलते हैं। 
सम्मेलन की अध्यक्षता श्रीमती आराधना पाण्डेय अध्यक्ष कृषि स्थाई समिति जिला पंचायत सीधी और विशिष्ट अतिथि द्वारिका दुबे ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को समय पर राहत नहीं दे पा रही है। ओला पाला से प्रभावित फसल का किसी तरह सर्वे तो हुआ पर आज तक किसानों को राहत राशि नहीं मिल सकी है। इसके अलावा सिंचाई के क्षेत्र में भी किसानों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी कीमती जमीन की सही कीमती बतौर मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद ही गरीब का हित संभव है।

5236 महिला किसान लाभान्वित
कार्यक्रम में 5236 महिला मजदूर किसानों को फावड़ा व तगाड़ी किट से लाभान्वित किया गया है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल व कृषि स्थाई समिति की अध्यक्ष आराधना पाण्डेय द्वारा महिला किसान मजदूरों को किट वितरित की गई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र सिंह भदौरिया, चिंतामणि तिवारी, कृषि उपज मण्डी सदस्य गीता कुशवाहा, भानू पाण्डेय, आशुतोष तिवारी सहित क्षेत्र के हजारों कांग्रेस जन व किसान, मजदूर उपस्थित रहे। संचालन सुनील शुक्ला ने किया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.