आमिर खान, भोपाल.
पृथ्वीपुर कस्बे में एक मृत लड़की 33 घंटे बाद जिंदा हो गई। हालांकि उसके जिंदा रहने की खुशी ज्यादा देर तक नहीं रह सकी और आज सुबह करीब 5 बजे उसने फिर दम तोड़ दिया।
घटना के मुताबिक, पृथ्वीपुर क्षेत्र के विधायक बृजेंद्र सिंह राठौर के छोटे भाई कृष्णपाल सिंह राठौर की बड़ी बेटी कृतिका राठौर (23) का पिछले तीन महीने से दिल्ली के बत्रा हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। ब्रेन ट्यूमर होने के कारण उसके तीन ऑपरेशन हुए थे लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था। लंबे समय से कोमा की हालत में रहने के बाद उसकी सांसे थम गईं थी, जिसके बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
कृतिका की मृत्यु की सूचना पृथ्वीपुर आने के बाद विधायक के परिवार में मातम छा गया था। परिवार के लोग बुधवार सुबह 8 बजे कृतिका का शव लेकर पृथ्वीपुर के लिए रवाना हुए और इधर उसकी अंत्येष्टि की तैयारियां शुरू हो गईं लेकिन पृथ्वीपुर पहुंचने से पहले ही कृतिका के शरीर ने बीच रास्ते में हरकत करनी शुरू कर दी। इसके बाद उसे तुरंत झांसी के थ्रीजी नर्सिंग होम ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसका चैकअप करने के बाद कृतिका को जीवित बताया। हालांकि अभी उसकी हालत में सुधार हो ही रहा था कि आज सुबह करीब 5 बजे उसने फिर अंतिम सांस ली।
मरने के 33 घंटे बाद फिर जी उठी कृतिका
जनवरी 19, 2013
0
Tags